SVU की छापेमारी पर नोटों का बंडल खिड़की से फेंका, कचरे से 5 लाख बरामद, पटना में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के ठिकानों पर रेड
छापेमारी के दौरान अब तक 15 लाख कैश बरामद हो चुका है.
Bihar News: पटना में गुरुवार को विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पंकज कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की. एसवीयू की टीम को देखते ही अधिकारी ने नोटों के बंडल को खिड़की से बाहर फेंक दिया. इसके बाद टीम ने कचरे के ढेर से करीब 5 लाख रुपये बरामद किए.
अब तक 15 लाख बरामद, छापेमारी जारी
पंकज कुमार बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के DGM हैं. आय से अधिक संपत्ति के मामले में गुरुवार को एसवीयू ने पंकज कुमार के तीन ठिकानों पर छापेमारी की थी. जो अभी भी जारी है. अभी तक पंकज कुमार के ठिकानों से 15 लाख बरामद किए जा चुके हैं.
95 लाख से ज्यादा की अवैध संपत्ति
एसवीयू की टीम ने सुबह सबसे पहले 8 बजे पंकज कुमार के पटना के कदमकुंआ स्थित उनके अपार्टमेंट पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान कुमार अपनी फैमिली के साथ अपार्टमेंट में ही मौजूद थे. इसके अलावा अधिकारी के एक घर और एक ऑफिस पर भी छापेमारी की गई है. जानकारी के मुताबिक पंकज कुमार के तीनों ठिकानों से 95 लाख से ज्यादा की अवैध संपत्ति बरामद की जा चुकी है. इनमें कैश, ज्वेलरी और जमीन से जुड़े कुछ दस्तावेज भी शामिल हैं.
अलग-अलग पदों पर रहते हुए अवैध संपत्ति जब्त की
पंकज कुमार मूल रूप से मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं. पंकज कुमार पिछले 11 सालों से नौकरी कर रहे हैं. पंकज कुमार पर आरोप है कि उन्होंने अलग-अलग पदों पर रहते हुए अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित की है. फिलहाल एसवीयू की टीम की कार्रवाई अभी भी जारी है. बताया जा रहा है कि अभी और भी अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्ति जब्त की जा सकती है.
ये भी पढे़ं: ‘दो देशों के झगड़े का यहां असर पड़ा तो इलाज कर देंगे’, संभल के CO बोले- ज्यादा दिक्कत है तो ईरान लड़ने चले जाओ