Vistaar NEWS

‘मैं सनातनी हूं…’, चार धाम यात्रा पर सारा अली खान को देना होगा एफिडेविट, जानें क्या है पूरा मामला

sara ali khan

सारा अली खान

Sara Ali Khan: बॉलीवुड की खूबसूरत एक्ट्रेस सारा अली खान इन दिनों सुर्खियों में हैं. मशहूर एक्टर सैफ अली खान और अमृता सिंह की बेटी सारा अली खान अपनी धार्मिक प्रवृत्ति के लिए जानी जाती हैं. सारा मंदिर और मस्जिद दोनों जगहों पर जाती हैं और भगवान व अल्लाह से दुआ मांगती हैं. वह हिंदू और मुस्लिम दोनों धर्मों को समान रूप से मानती हैं. लेकिन सारा के साथ हाल ही में कुछ ऐसा हुआ, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होगी.

BKTC अध्यक्ष का बड़ा फैसला

उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 19 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रही है, जिसके लिए बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) द्वारा बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. इसी बीच बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का एक बड़ा बयान सामने आया है. कल यानी 17 मार्च को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि इन धामों में गैर-सनातनियों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा. उनके इस बयान को लेकर पत्रकारों ने उनसे कई सवाल भी किए.

गैर-सनातनियों को प्रवेश नहीं

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए बीकेटीसी (BKTC) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि इस चारधाम यात्रा में सभी सनातनी भाइयों और बहनों का स्वागत है, लेकिन गैर-सनातनियों और गैर-हिंदुओं को मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि जो भी व्यक्ति सनातन धर्म में आस्था रखता है, वही सच्चा सनातनी है.

सारा आली खान को एफिडेविट देना होगा

हेमंत द्विवेदी ने सारा अली खान को लेकर भी बात कही. उन्होंने कहा कि अगर सारा अली खान को मंदिर में प्रवेश करना है, तो इसके लिए उन्हें एक एफिडेविट देना होगा और यह बताना होगा कि वह एक सनातनी हैं, इसके बाद ही सारा को मंदिर के अंदर प्रवेश मिल पाएगा. हेमंत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे कहा कि यदि सारा अली खान कहती हैं कि उनकी सनातन धर्म में सच्ची श्रद्धा और आस्था है, तो हम उन्हें आराम से दर्शन कराएंगे लेकिन साथ ही उन्हें एफिडेविट भी देना होगा.

कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना

कांग्रेस प्रवक्ता सुजाता पॉल ने हेमंत द्विवेदी और भाजपा पर तीखा हमला करते हुए केदारनाथ मंदिर से जुड़े विवाद पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी को भी बाबा केदार और उनके भक्तों के बीच आने का हक नहीं है. उन्होंने पूछा कि क्या अब सारा अली खान जैसी भक्तों को अपनी आस्था साबित करने के लिए एफिडेविट देना होगा.

सुजाता पॉल ने हेमंत द्विवेदी को बाहरी कहा

सुजाता पॉल ने आगे हेमंत द्विवेदी को कहा कि तुम खुद बाहरी हो और बाहर से आए हो. भाजपा से सवाल किया कि क्या वे मुख्तार अब्बास नकवी या शाहनवाज़ हुसैन जैसे अपने बड़े नेताओं से भी मंदिर दर्शन के लिए एफिडेविट मांगेंगे? उन्होंने पूर्व राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और वर्तमान राज्यपाल का उदाहरण देते हुए पूछा कि क्या भाजपा इन बड़ी हस्तियों से भी एफिडेविट मांगेगा.

सारा से एफिडेविट की मांग क्यों की गई?

बता दें कि पिछले साल सारा अली खान चारधाम की यात्रा पर गई थीं, जिसकी तस्वीरें उन्होंने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की थीं. सारा की इसी चारधाम यात्रा को लेकर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष ने अब ‘सनातनी होने का’ एफिडेविट देने की बात कही है.

जानकारी के अनुसार, इस साल 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलेंगे. इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे.

ये भी पढ़ें-Mumbai: लीलावती अस्पताल में मशहूर कॉमेडियन जाकिर खान भर्ती, भाई अरबाज ने शेयर किया वीडियो

चारधाम यात्रा की तैयारी कैसी चल रही है?

देहरादून में आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) द्वारा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी. कॉन्फ्रेंस के दौरान BKTC के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि चारधाम यात्रा की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं है. उन्होंने जानकारी दी कि अब तक कुल 6 लाख से ज्यादा श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं.

Exit mobile version