Dhurandhar 2 BO Collection Day 1: काफी लंबे इंतजार के बाद आज 19 मार्च को देश भर के सिनेमाघरों में रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर 2’ रिलीज हो चुकी है. आज सुबह से ही थिएटरों के बाहर फैंस की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. वहीं आदित्य धर की इस फिल्म का प्रीव्यू शो रिलीज से एक दिन पहले 18 मार्च की शाम से ही शुरू हो गया था, जहां इसे काफी शानदार शुरुआत मिली.
प्रीव्यू डे पर फिल्म ‘धुरंधर 2’ कितनी कमाई की?
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने प्रीव्यू डे पर दुनिया भर में करीब 75 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की. इस कुल आय में से 52.75 करोड़ रुपये भारत से और 22.25 करोड़ रुपये ओवरसीज से प्राप्त हुए. वहीं भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन करीब 44 करोड़ रुपये रहा है. हालांकि, इस बीच कई समस्याएं भी आईं जिस वजह से देश के कई थिएटरों में फिल्म नहीं पहुंच पाई और शो कैंसिल करने पड़े.
शो कैंसिल होने पर मिलेगा रिफंड
दक्षिण भारत के इलाकों में तमिल और तेलुगु के शो निर्धारित समय से देर से शुरू हुए, वहीं मलयालम और कन्नड़ के शोज को दूसरे दिन के लिए शिफ्ट कर दिया गया. इसके लिए फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर ने फैंस से माफी मांगी है और कहा है कि शो कैंसिल होने पर उन्हें रिफंड दिया जाएगा या वे फिल्म को हिंदी वर्जन में देख सकेंगे.
‘धुरंधर 2’ ने पहले दिन कितनी कमाई की?
रिलीज होते ही ‘धुरंधर 2’ का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने अब तक लगभग 4.3 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है. इस तरह यदि पहले दिन की कमाई और प्रीव्यू को मिलाया जाए, तो कुल कलेक्शन 48.3 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ ने अब तक लगभग 79.3 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी कर लिया है.
‘धुरंधर 2’ ने तोड़े रिकार्ड
शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘धुरंधर 2’ ने अपने पहले पार्ट की तुलना में कहीं बेहतर ओपनिंग की है. साथ ही यह फिल्म भारत में अब तक की सबसे बड़ी प्रीमियर ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है. इससे पहले यह कीर्तिमान पवन कल्याण की फिल्म ‘OG’ के नाम था. वहीं अगर ओपनिंग डे कलेक्शन की बात करें, तो यह फिल्म अभी भी शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ से पीछे है, जिसने अपनी रिलीज के पहले दिन 75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. इसके अलावा, ‘धुरंधर 2’ की अब तक की कमाई Pushpa 2: The Rule, RRR, और KGF: Chapter 2 जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के रिकॉर्ड्स से पीछे है.
