CG News: खरोरा में बीमारी ठीक करने का लालच देकर हिंदू धर्म छोड़ने के लिए कहता था पास्टर, पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपी पास्टर गिरफ्तार
CG News: छत्तीसगढ़ के खरोरा से धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में रायपुर ग्रामीण पुलिस ने पास्टर को गिरफ्तार किया है. ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी बीमारी ठीक करने का लालच देकर हिंदू धर्म छोड़ने के लिए प्रेरित करता था. इसके साथ ही आपत्तिजनक बातें कहता था और इसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाता था.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, रायपुर ग्रामीण पुलिस ने एक पास्टर को गिरफ्तार किया, जिसका नाम अनूप शेण्डे है. पुलिस के मुताबिक कठिया नंबर एक, वार्ड क्रमांक 13, बजरंग पारा के निवासियों ने रविवार (15 मार्च) को एक शिकायत दर्ज कराई थी. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आरोपी अनूप बीमारी ठीक करने का लालच देता था.
धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी पास्टर हिंदू धर्म के खिलाफ धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाता था. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298, 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.
महाराष्ट्र का रहने वाला है आरोपी
आरोपी पास्टर महाराष्ट्र के चंद्रपुर के नांदाफाटा का रहने वाला है. पुलिस ने उसे खरोरा के राजीव नगर से गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने जुर्म स्वीकर लिया है. गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, उसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.