क्या आपके खाते में अभी नहीं पहुंची महतारी वंदन की 25वीं किस्त? जानिए क्यों नहीं आया पैसा
महतारी वंदन योजना 25वीं किस्त
Mahtari Vandan Yojana: छत्तीसगढ़ सरकार ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रदेश की विवाहित महिलाओं को बड़ी खुशखबरी दी है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जगदलपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी कर दी. इस कदम से राज्य की लगभग 69 लाख महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से सीधे 1000 रुपये की आर्थिक मदद भेजी गई. योजना के तहत महिलाओं को सालाना कुल 12,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है. हालांकि, कुछ महिलाएं अपने खाते में पैसा न आने से परेशान हैं और उनके मन में यह सवाल गूंज रहा है कि आखिर हमारे खाते में अभी तक पैसा क्यों नहीं आया.
महतारी वंदन योजना क्या है?
महतारी वंदन योजना के जरिए छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है, जिसके तहत विवाहित महिलाओं को सालाना 12,000 रुपये यानी 1,000 रुपये प्रति महीने दिए जाते हैं. मुख्यमंत्री ने हाल ही में योजना की 25वीं किस्त सीधे महिलाओं के खातों में भेजी है, जबकि इससे पिछली यानी 24वीं किस्त के रूप में 6,413.40 करोड़ रुपये बांटे गए थे. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक इस योजना के तहत कुल 1,62,373.30 करोड़ रुपये की बड़ी धनराशि लाभार्थियों तक पहुंचाई जा चुकी है, जो महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने में मददगार साबित हो रही है.
क्यों नहीं आया खाते में 25वीं किस्त का पैसा?
महतारी वंदन योजना का पैसा खाते में न आने की कई सामान्य वजहें हो सकती हैं. सरकार के मुताबिक, अगर बैंक अकाउंट की जानकारी गलत है या आधार, मोबाइल नंबर और बैंक खाता आपस में लिंक नहीं हैं, तो भुगतान रुक सकता है. साथ ही KYC अपडेट न होना या दस्तावेजों की जांच पूरी न हो पाना भी देरी का बड़ा कारण है. इसीलिए, महिलाओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी किस्त का स्टेटस और बैंक डिटेल्स समय-समय पर जरूर चेक कर लें ताकि रुकी हुई राशि मिल सके.
महतारी वंदन योजना का स्टेटस कैसे चेक करें?
- महतारी वंदन योजना का पैसा चेक करना अब बहुत आसान है.
- सबसे पहले योजना की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं.
- वहां ‘आवेदन की स्थिति’ या ‘अंतिम सूची’ वाले ऑप्शन को चुनें.
- इसके बाद अपना आधार कार्ड नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें.
- स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड भरें और सबमिट करें.
- आपके मोबाइल पर एक ओटीपी (OTP) आएगा, उसे खाली बॉक्स में भरें.
- ओटीपी डालते ही आपको पता चल जाएगा कि पैसा आपके खाते में आया है या नहीं.