CG Weather Update: मार्च की शुरुआत में ही छत्तीसगढ़ में बढ़ी गर्मी, कई जिलों में पारा 39 डिग्री तक पहुंचा
मौसम
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर तेजी से महसूस किया जाने लगा है. प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
प्रदेश में मौसम शुष्क, बारिश नहीं
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है. लगातार बढ़ते तापमान की वजह से दिन के समय तेज गर्मी का एहसास होने लगा है और लोगों को दोपहर के समय अधिक गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
दुर्ग और राजनांदगांव में सबसे अधिक तापमान
प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दुर्ग और राजनांदगांव में दर्ज किया गया है. वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो अंबिकापुर में सबसे कम 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.
चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका का प्रभाव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण झारखंड और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसके अलावा इसी क्षेत्र से ओडिशा, छत्तीसगढ़ और विदर्भ होते हुए मराठवाड़ा तक लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक द्रोणिका बनी हुई है.
अगले तीन दिनों तक मौसम में बड़ा बदलाव नहीं
मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक बना रह सकता है और प्रदेश में मौसम शुष्क ही रहने की संभावना है.
रायपुर में हल्की धुंध के आसार
राजधानी रायपुर में 11 मार्च को हल्की धुंध छाने की संभावना जताई गई है. यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
ये भी पढे़ं- क्या आपके खाते में अभी नहीं पहुंची महतारी वंदन की 25वीं किस्त? जानिए क्यों नहीं आया पैसा