LPG Crisis: बिलासपुर में घरेलू सिलेंडर की कालाबाजारी पर कार्रवाई, खाद्य विभाग की टीम ने 78 सिलेंडर किए जब्त
बिलासपुर में LPG सिलेंडर जब्त
LPG Crisis: बिलासपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है. कलेक्टर संजय अग्रवाल की समीक्षा बैठक के बाद खाद्य विभाग की टीम ने शहर में जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान बुधवार को महामाया चौक के पास स्थित श्री महामाया गैस रिफलिंग दुकान पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त किए गए.
खाद्य विभाग की टीम को मौके से कुल 78 गैस सिलेंडर मिले, जिनमें 70 खाली घरेलू सिलेंडर, 2 भरे हुए घरेलू सिलेंडर और 3 कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं. एक ही जगह इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर मिलने से अधिकारी भी हैरान रह गए.
सिलेंडर की कालाबाजारी पर खाद्य विभाग की कार्रवाई
खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक कलेक्टर के निर्देश के बाद जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर निगरानी के लिए टीम गठित की गई है। खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के निर्देश पर यह टीम लगातार जांच कर रही है. एएफओ राजीव लोचन तिवारी ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि महामाया चौक स्थित श्री महामाया गैस रिफलिंग दुकान में बड़े पैमाने पर गैस सिलेंडर जमा किए गए हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की.
दुकान में लगा था ताला, खुलवाने में हुई मशक्कत
सूत्रों के अनुसार जब खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो दुकान बंद मिली और उस पर ताला लगा हुआ था। अधिकारियों ने जब दुकान खुलवाने के लिए कहा तो संचालक और वहां मौजूद लोग टालमटोल करते हुए समय बिताने लगे. हालांकि टीम ने कार्रवाई जारी रखी और अंततः दुकान खुलवाकर अंदर जांच की गई. जांच के दौरान बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर पाए गए, जिन्हें विभाग ने मौके पर ही जब्त कर लिया.
कालाबाजारी पर कड़ी नजर
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग और अवैध रिफलिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है. इस तरह की गतिविधियां न केवल नियमों का उल्लंघन हैं बल्कि इससे आम उपभोक्ताओं को भी परेशानी होती है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस तरह की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- CG Budget Session Live: बजट सत्र 9वें दिन की कार्यवाही शुरू, किरण सिंह देव ने स्वीकृत सड़कों को लेकर मांगी जानकारी
कार्रवाई से मचा हड़कंप
महामाया चौक पर हुई इस कार्रवाई के बाद गैस सिलेंडर की अवैध खरीद-बिक्री और रिफलिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है। खाद्य विभाग का कहना है कि शहर और जिले के अन्य इलाकों में भी जांच अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.