Vistaar NEWS

CG News: पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने अफीम की खेती मामले में BJP सरकार पर साधा निशाना, बोले- पूरे नेटवर्क की जांच हो

durg congress protest

दुर्ग में कांग्रेस का प्रदर्शन

CG News: दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में अवैध अफीम खेती का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और महिला नेत्रियां शामिल हुईं. इस दौरान पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर और भिलाई जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

बीजेपी ऑफिस का घेराव किया गया

दरअसल, घेराव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भाजपा कार्यालय के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी. कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े और पहले लगाए गए बैरिकेड को तोड़ते हुए आगे घुसने की कोशिश की. हालांकि पुलिस ने पहले से ही तीन लेयर में बड़े-बड़े बैरिकेड लगाए थे, जिसके चलते कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया गया. इस दौरान कुछ देर के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी देखने को मिली.

ताम्रध्वज साहू ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना

वहीं, प्रदर्शन के दौरान पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तब भाजपा नेता शराबबंदी को लेकर बार-बार सवाल उठाते थे, लेकिन अब उनकी सरकार बनने के बाद शराबबंदी करने के बजाय जगह-जगह शराब दुकानों को बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को हमेशा शांति का टापू कहा जाता रहा है, लेकिन अब यहां अफीम जैसी अवैध खेती पकड़ी जा रही है, जो बेहद चिंताजनक है.

पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आरोप लगाया कि समोदा में पकड़ी गई अफीम खेती में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की भूमिका गंभीर है. उन्होंने मांग की कि इस मामले में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी हो और पूरे नेटवर्क की जांच की जाए कि अफीम कहां और कैसे बेची जा रही थी.

ये भी पढ़ें: LPG Crisis: दुर्ग में गैस सिलेंडर बुकिंग को लेकर ग्राहक परेशान, कलेक्टर ने की समीक्षा बैठक, बोले- घबराएं नहीं

पुलिस ने स्थिति को संभाला

वहीं, एडीएम हेमंत राजपूत ने बताया कि कांग्रेस द्वारा घेराव और प्रदर्शन किया गया था. जिसे देखते हुए पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. कार्यकर्ताओं ने एक बैरिकेडिंग तोड़ दी थी, लेकिन दूसरी लेयर के आगे उन्हें रोक दिया गया. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी को किसी प्रकार की चोट नहीं आई. एसडीएम के मुताबिक कांग्रेस ने अफीम की खेती और गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया.

Exit mobile version