LPG Crisis: दुर्ग में गैस सिलेंडर बुकिंग को लेकर ग्राहक परेशान, कलेक्टर ने की समीक्षा बैठक, बोले- घबराएं नहीं
दुर्ग में गैस सिलेंडर संकट पर कलेक्टर ने की समीक्षा बैठक
CG News: दुर्ग जिले में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बनती नजर आ रही है. जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में घरेलू गैस के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से जारी है. इसके बावजूद कई उपभोक्ता ऐसे हैं जो सिलेंडर की बुकिंग के बाद भी समय पर डिलीवरी नहीं मिलने से परेशान हो रहे हैं.
होम डिलीवरी के लिए 10 से 15 दिन का इंतजार
उपभोक्ता उमाशंकर का कहना है कि गैस एजेंसियों में सर्वर की समस्या और बुकिंग में देरी के कारण उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. कुछ लोगों ने बताया कि 10 से 15 दिनों तक इंतजार करने के बाद भी सिलेंडर घर तक नहीं पहुंच पा रहा है. पहले जहां बुकिंग के दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी हो जाती थी, वहीं अब देरी होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है.
ग्राहकों ने बताया कि फिलहाल सिलेंडर की डिलीवरी पूरी तरह से बंद नहीं हुई है. समय के अनुसार मिल भी रही है लेकिन पहले की तुलना में डिलीवरी में देरी जरूर हो रही है. अगर मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात या युद्ध जैसी स्थिति लंबी चली तो आने वाले समय में एलपीजी और पेट्रोल-डीजल को लेकर दिक्कतें बढ़ सकती हैं.
कलेक्टर ने की समीक्षा बैठक
इधर कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ऑयल कंपनियों के अधिकारियों और गैस डिस्ट्रीब्यूटरों की बैठक लेकर जिले में गैस की उपलब्धता और सप्लाई व्यवस्था की समीक्षा की. बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले में घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. जिले में उज्ज्वला योजना सहित करीब 4 लाख गैस कनेक्शन हैं और रोजाना लगभग 9,750 सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही है.
कलेक्टर बोले- घबराने की जरूरत नहीं
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस सप्लाई और वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो और कालाबाजारी जैसी स्थिति भी पैदा न हो. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है और जिन उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी बाकी है, वे जल्द ही गैस एजेंसी जाकर प्रक्रिया पूरी कर लें. शिकायत के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1800-233-3555 पर संपर्क कर सकते हैं.