PM Kisan ही नहीं, इन 3 सरकारी योजनाओं से भी किसानों को मिलेगा फायदा, जानिए डिटेल
किसानों के लिए सरकारी योजनाएं
Government Schemes For Farmers: भारत सरकार किसानों के लिए कई सरकारी योजनाएं चला रही है, जिनमें से एक है ‘पीएम किसान सम्मान निधि योजना’. इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल कुल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि सरकार तीन बराबर किस्तों में किसानों के खातों में डालती है. इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर किसानों को मजबूत बनाना है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सरकार पीएम किसान स्कीम के अलावा भी किसानों के लिए ऐसी तीन योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ उठाया जा सकता है. अगर आपको इन योजनाओं के बारे में नहीं पता है, तो जान लीजिए ताकि आपको भी इनका फायदा मिल सके और आप आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें.
पीएम किसान मानधन योजना (PM-KMY)
केंद्र सरकार ने छोटे और सीमांत किसानों के लिए ‘पीएम किसान मानधन योजना’ की शुरुआत की है. यह एक पेंशन योजना है जिसके लिए केवल वे किसान पात्र होंगे जिनकी उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच है. इस योजना के तहत किसानों को अपनी उम्र के अनुसार 55 रुपये से लेकर 200 रुपये तक का मासिक प्रीमियम जमा करना होता है. जब पात्र किसान की उम्र 60 वर्ष पूरी हो जाती है, तब सरकार उन्हें 3,000 रुपये प्रति माह पेंशन के रूप में देती है, ताकि बुढ़ापे में उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहे.
पीएम कुसुम योजना (PM-KUSUM)
पीएम कुसुम योजना की पहल भी केंद्र सरकार द्वारा की गई है. इस योजना का पूरा नाम ‘प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान’ है. सरकार द्वारा शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य किसानों को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना है. इस योजना के तहत पात्र किसानों को सोलर पंप लगाने के लिए सरकार की तरफ से सब्सिडी दी जाती है. इसके जरिए किसान अपनी फसलों की सिंचाई बेहतर तरीके से कर सकते हैं, जिससे पैदावार में वृद्धि होगी.
यदि आप इस योजना के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं या इसका लाभ उठाना चाहते हैं, तो आधिकारिक वेबसाइट pmkusum.mnre.gov.in पर जाकर सभी विवरण देख सकते हैं.
ये भी पढ़ें-क्या है AIC की ‘कृषि सखी’ योजना? जानिए कैसे मिलेगी महिला किसानों को आर्थिक सुरक्षा
पाइप लाइन योजना
देश के करोड़ों किसान भाइयों के लिए सरकार ने ‘पाइपलाइन योजना’ शुरू की है. यह योजना राज्य सरकारों द्वारा कृषि विभाग के माध्यम से चलाई जाती है. इस योजना के तहत पात्र किसानों को खेतों में सिंचाई के लिए पाइप खरीदने पर सब्सिडी दी जाती है. इससे पानी की खपत कम होती है और कम पानी की उपलब्धता में भी अधिक से अधिक क्षेत्र की सिंचाई की जा सकती है.