MP Weather News: एमपी में मौसम ने ली करवट, भोपाल-इंदौर में बारिश के बाद गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया 34 जिलों में अलर्ट
मौसम समाचार
MP Weather News: मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ के सक्रिय होने से बीते दो दिनों से मौसम पूरी तरह बदला हुआ है. कई जिलों में ओले, बारिश और तेज आंधी का असर देखने को मिल रहा है. गुरुवार को प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में मौसम ने करवट ली, कहीं ओले गिरे तो कहीं तेज बारिश हुई. वहीं शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई.
राजधानी भोपाल समेत इंदौर उज्जैन जैसे बड़े शहराें में भी बारिश देखने को मिली. मौसम में बदलाव के चलते गर्मी से भी राहत मिली है. मौसम विभाग ने ग्वालियर, जबलपुर समेत 34 जिलों के लिए ओले और बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मौसम वैज्ञानिकों की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के मध्य हिस्से में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सक्रिय हैं, जिसके चलते अगले 24 घंटे में सिवनी, मंडला, बालाघाट, दतिया, निवाड़ी और टीकमगढ़ में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. इसके अलावा करीब 28 जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, आंधी और बारिश का असर बना रह सकता है. राजधानी भोपाल में भी बादल छाए रहने के आसार हैं.
अगले 2 दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 20 मार्च को कई जिलों में तेज गतिविधियां देखने को मिलेंगी, जबकि 21 मार्च को भी पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है. हालांकि 22 मार्च से मौसम के साफ होने की संभावना जताई गई है और किसी बड़े मौसमीय बदलाव का अलर्ट नहीं है.
अचानक बदला मौसम का मिजाजा
गुरुवार रात अचानक बदले मौसम ने कई जिलों में असर दिखाया. तेज बारिश और आंधी के कारण जहां तापमान में गिरावट आई, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है. धार में देर रात हुई तेज बारिश से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है. इसी तरह आगर मालवा में धूल भरी आंधी के बाद तेज बारिश हुई, जिससे जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा. दमोह के तेंदूखेड़ा क्षेत्र में भी झमाझम बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं, जिसके कारण कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई.
ये भी पढे़ं- MP News: आगर-मालवा में पेट्रोल पंप के पास कार में लगी आग, कर्मचारियों की सूझ-बूझ से टला हादसा