IPL 2026: हर्षित राणा हुए टूर्नामेंट से बाहर! KKR ने बिना रिप्लेसमेंट खेलने का लिया बड़ा फैसला

IPL 2026: आईपीएल 2026 के आगाज से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं.
KKR

कोलकाता नाइट राइडर्स

IPL 2026: आईपीएल 2026 के आगाज से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. राणा का बाहर होना केकेआर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि पिछले सीजन में उन्होंने टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया. इन सब के बीच केकेआर ने बिना उनके रिप्लेसमेंट के खेलने का फैसला लिया है.

IPL 2026 से बाहर हुए हर्षित राणा

दरअसल, भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान साउथ अफ्रीका के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अपने घुटनों की सर्जरी करानी पड़ी और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए. हर्षित फिलहाल रिहैब से गुजर रहे हैं. पहले खबर थी की वह आगामी सीजन के कुछ मैच मिस कर सकते हैं, लेकिन अब खबर है कि वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. हालांकि उनके बाहर होने के बावजूद केकेआर ने बिना किसी रिप्लेसमेंट के खेलने का फैसला लिया है. टीम मैनेजमेंट का मानना है कि उनके पास पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं.

यह भी पढ़ें: IPL 2026 में नए कप्तान के साथ मैदान में उतरेगी SRH! जानें प्लेइंग 11 में किन खिलाड़ियों को मौका

KKR ने क्यों लिया यह फैसला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कोलकाता नाइट राइडर्स के मैनेजमेंट का मानना है कि आगामी सीजन के लिए उनके पास पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं. ऐसे में टीम ने फिलहाल किसी अन्य खिलाड़ी को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल न करने का फैसला लिया है. केकेआर के स्क्वार्ड में आकाश दीप, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी जैसे भारतीय तेज गेंदबाज मौजूद हैं. इसके अलावा टीम के पास मथीसा पथिराना और ब्लेसिंग मुजरबानी जैसे विदेशी विकल्प भी मौजूद है.

पथिराना की वापसी की उम्मीद

वहीं, दूसरी ओर श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीसा पथिराना भी इन दिनों चोट से जूझ रहे है, जिसके कारण उनपर भी टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है. मिनी ऑक्शन में केकेआर ने 18 करोड़ की मोटी रकम खर्च करके उन्हें खरीदा था. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रेंचाईजी को उम्मीद है कि पथिराना सीजन के दूसरे चरण तक फिट होकर टीम से जुड़ सकते हैं. ऐसे में फिलहाल उनके रिप्लेसमेंट को लेकर भी कोई योजना नहीं हैं.

ज़रूर पढ़ें