पोर्टा केबिन में छात्राओं के गर्भवती होने का मामला, स्कूल शिक्षा मंत्री ने खबरों को भ्रामक और तथ्यहीन बताया
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव
CG News: पोर्टा केबिन हाई स्कूल छात्रावास की तीन छात्राएं गर्भवती हैं. इस संबंध में शिक्षा विभाग द्वारा मामले की तथ्यात्मक जांच कराई गई, जिसमें उक्त खबर भ्रामक एवं निराधार पाई गई है. उक्त मामले में आज विधानसभा के सदन में सरकार की ओर से स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने भी स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि मामले में प्रस्तुत तथ्यों की विस्तृत जांच की गई है.
स्कूल शिक्षा मंत्री ने क्या कहा?
मंत्री ने कहा कि जिन तीन छात्राओं का उल्लेख किया जा रहा है, उनमें से दो छात्राएं पोर्टा केबिन हाई स्कूल छात्रावास की निवासी नहीं हैं. वे स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय, गंगालूर में अध्ययनरत हैं और अपने घर से ही विद्यालय आना-जाना करती हैं.
मंत्री ने आगे बताया कि समाचार में उल्लेखित तीसरी छात्रा पूर्व में पोर्टा केबिन हाई स्कूल छात्रावास में अध्ययनरत थीं, लेकिन 18 अक्टूबर 2025 को दीपावली अवकाश में घर जाने के बाद से वह छात्रावास वापस नहीं आईं. इसके बाद 6 नवंबर 2025 को छात्रा ने छात्रावास में उपस्थित होकर स्वेच्छा से घर से आना-जाना करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था. तब से वह छात्रावास में निवास नहीं कर रही है.
‘छात्रा को निष्कासित नहीं किया गया’
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के अनुसार छात्रा को छात्रावास से निष्कासित नहीं किया गया है बल्कि उसने स्वयं छात्रावास छोड़कर अन्यत्र रहकर पढ़ाई जारी रखने का निर्णय लिया है. सरकार की ओर से यह भी बताया गया कि संबंधित छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के बयान भी दर्ज किए गए हैं.
ये भी पढ़ें: Raipur News: ‘हिंदू इबादत क्या जानें, ये लोग काफिर’, रायपुर में मुस्लिम वकील की विवादित टिप्पणी, FIR दर्ज
विपक्ष ने उठाई थी पोर्टा केबिन की मांग
बीजापुर जिले के गंगालूर स्थित पोर्टा केबिन में तीन नाबालिग छात्राओं के गर्भवती होने का मामला सामने आया था. विपक्ष ने इस मामले को विधानसभा में उठाया था. स्थगन प्रस्ताव लाकर चर्चा की मांग की. स्कूल शिक्षा मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर कार्यवाही का वहिष्कार कर दिया. वहीं उन्होंने ये भी कहा कि वे पोर्टा केबिन जाकर इसका निरीक्षण करेंगे.