Indore: हफ्ते में 4 दिन चलेगी इंदौर-शाहजाह फ्लाइट, 29 मार्च से लागू होगा एयर इंडिया का समर शेड्यूल

Indore: एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 29 मार्च से लागू होने वाले समर शेड्यूल में इंदौर और शारजाह के बीच चलने वाली फ्लाइट के फेरे घटाने का फैसला किया है.
Air India Express flight

एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट

Indore News: इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालित होने वाली एकमात्र अंतरराष्ट्रीय उड़ान के संचालन में बदलाव किया गया है. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 29 मार्च से लागू होने वाले समर शेड्यूल में इंदौर और शारजाह के बीच चलने वाली फ्लाइट के फेरे घटाने का फैसला किया है. इसके तहत अब यह उड़ान सप्ताह में सात दिन के बजाय केवल चार दिन ही संचालित की जाएगी.

एयरलाइन ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नए शेड्यूल के अनुसार टिकटों की बुकिंग भी शुरू कर दी है. वहीं यह भी चर्चा है कि जिन दिनों यह उड़ान बंद रहेगी, उन दिनों इंदौर से बैंकॉक के लिए नई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट शुरू करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है.

सप्ताह में चार दिन ही चलेगी उड़ान

एयर इंडिया एक्सप्रेस के अधिकारियों के अनुसार नए समर शेड्यूल में यह सीधी उड़ान सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को ही इंदौर से शारजाह और शारजाह से इंदौर के बीच संचालित की जाएगी. जबकि मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को यह सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी. यह फ्लाइट पहले विंटर शेड्यूल में 28 अक्टूबर से नियमित रूप से संचालित की जा रही थी.

उड़ान घटने से यात्रियों को होगी परेशानी

कुछ समय पहले तक यह उड़ान सप्ताह में केवल चार दिन ही चलती थी. बाद में इसे नियमित कर दिया गया था, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलने लगी थी. अब एक बार फिर उड़ानों की संख्या घटने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इसके साथ ही फ्लाइट के समय में भी बदलाव किया गया है. 29 मार्च से यह उड़ान मौजूदा समय की तुलना में लगभग 35 से 40 मिनट देरी से संचालित होगी.

गर्मी और अंतरराष्ट्रीय हालात का असर

कंपनी अधिकारियों और ट्रैवल एजेंट्स का कहना है कि गर्मियों के दौरान संयुक्त अरब अमीरात में अत्यधिक गर्मी पड़ती है, जिसके कारण वहां पर्यटन गतिविधियां कम हो जाती हैं. इसी वजह से इस मौसम को पर्यटन के लिहाज से ऑफ सीजन माना जाता है. अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात और क्षेत्र में तनाव की स्थिति को ध्यान में रखते हुए फिलहाल फ्लाइट को सप्ताह में चार दिन ही संचालित करने का निर्णय लिया गया है.

बैंकॉक फ्लाइट शुरू होने की संभावना

ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया के मुताबिक जिन तीन दिनों में शारजाह की उड़ान बंद रहेगी, उन दिनों इंदौर से किसी अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्य के लिए फ्लाइट शुरू करने पर विचार किया जा रहा है. संभावना जताई जा रही है कि इन दिनों में इंदौर से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू हो सकती है. अगर ऐसा होता है तो यात्रियों को इंदौर से दो अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी और थाईलैंड जाने वाले लोगों को दूसरे शहरों के जरिए यात्रा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे उनका समय और खर्च दोनों बचेंगे.

युद्ध के कारण फिलहाल बंद है सेवा

गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के कारण 28 फरवरी से इंदौर और शारजाह के बीच संचालित होने वाली उड़ानें अस्थायी रूप से बंद हैं. शुरुआत में इन्हें एक-एक दिन के लिए रद्द किया जा रहा था, लेकिन बाद में कंपनी ने इसे 22 मार्च तक सिस्टम से हटा दिया था. अब यह सेवा 28 मार्च तक के लिए निरस्त कर दी गई है. ऐसे में जिन यात्रियों ने इस अवधि के लिए टिकट बुक किए थे, उन्हें अन्य उड़ानों का सहारा लेना पड़ रहा है. खासकर शारजाह से इंदौर आने वाले यात्रियों को इस वजह से अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

यह रहेगा नया फ्लाइट शेड्यूल

नए शेड्यूल के अनुसार इंदौर से शारजाह जाने वाली फ्लाइट सुबह 10.25 बजे रवाना होकर यूएई के स्थानीय समयानुसार दोपहर 12.10 बजे शारजाह पहुंचेगी. इस यात्रा में लगभग 3 घंटे 15 मिनट का समय लगेगा. वहीं शारजाह से इंदौर आने वाली उड़ान यूएई के स्थानीय समयानुसार दोपहर 1.10 बजे रवाना होगी और भारतीय समयानुसार शाम 6.10 बजे इंदौर पहुंचेगी. इस यात्रा की अवधि करीब 3 घंटे 30 मिनट रहेगी.

ये भी पढे़ं- MP News: भोपाल नगर निगम के ऑफिस में लोकायुक्त का छापा, करोड़ों के फर्जी बिल घोटाले की जांच से जुड़ा है मामला

ज़रूर पढ़ें