LPG Crisis: उपभोक्ताओं को नहीं होगी परेशानी, गोविंद सिंह राजपूत ने कलेक्टरों को दिए कालाबाजारी रोकने के निर्देश

Bhopal News: खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि प्रदेश में एलपीजी उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है.
LPG Crisis

LPG Crisis

Bhopal News: खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि प्रदेश में एलपीजी उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में वितरक स्तर पर एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी नहीं होने दी जाए.

घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है-गोविंद सिंह राजपूत

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है. उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण आयात में आई रुकावट को देखते हुए भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि एलपीजी की आपूर्ति प्राथमिकता से घरेलू उपभोक्ताओं को ही की जाए.

तेल कंपनियों द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वितरण प्रणाली में कुछ बदलाव किए गए हैं. अब पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही रिफिल बुकिंग स्वीकार की जा रही है, ताकि कालाबाजारी और अफरा-तफरी की स्थिति न बने और उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस मिल सके.

फिलहाल कॉमर्शियल एलपीजी की सप्लाई बंद–गोविंद सिंह राजपूत

इसके साथ ही वर्तमान परिस्थितियों में अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को छोड़कर अन्य वाणिज्यिक उपभोक्ताओं जैसे होटल, मॉल, औद्योगिक इकाइयों और फैक्ट्रियों को फिलहाल कॉमर्शियल एलपीजी की सप्लाई नहीं की जाएगी.
खाद्य मंत्री ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य विभाग, ऑयल कंपनियों के अधिकारियों और एलपीजी वितरकों के साथ नियमित बैठक कर घरेलू व वाणिज्यिक सिलेंडरों की उपलब्धता की समीक्षा करें. साथ ही बड़े वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के साथ बैठक कर उपलब्ध स्टॉक का विवेकपूर्ण उपयोग करने और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक ईंधन स्रोतों का उपयोग करने की सलाह दें.

ये भी पढे़ं- LPG Crisis: कमर्शियल गैस सिलेंडर पर पाबंदी, ग्वालियर में लकड़ी और कोयले की भट्ठियों पर बन रहा है शादियों का खाना

ज़रूर पढ़ें