CG News: ‘रसोई गैस को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं’, मिडिल ईस्ट जंग के बीच CM साय बोले- पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुक करें
Chief Minister Vishnudev Sai (File Photo)

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय(File Photo)

CG News: मिडिल ईस्ट में हो रही जंग का असर छत्तीसगढ़ में भी दिखने लगा है. कई जगहों पर कमर्शियल एलपीजी गैंस सप्लाई प्रभावित हुई है. इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा बयान सामने आया है. सीएम साय ने कहा है कि रसोई गैस को लेकर आम आदमी को चिंता करने की जरूरत नहीं है. हमारे पास एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है.

‘जनता से अपील है कि अफवाहों से बचें’

मध्य पूर्व एशिया में जंग के बीच ईंधन आपूर्ति में बाधा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. लेकिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनता से अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील की है. सीएम साय ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, ‘रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर आमजन को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है. प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है.सभी जिलों के अधिकारियों को रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति, नियमित स्टॉक मॉनिटरिंग और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. जनता से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुक करें.’

कमर्शियल एलपीजी हुई प्रभावित

खाड़ी देशों में जंग के कारण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कमर्शियल एलपीजी गैस की सप्लाई पर बुरी तरह प्रभाव पड़ा है. अंबिकापुर में तो कमर्शियल एलपीजी गैस की सप्लाई लगभग पूरी तरह से ठप हो चुकी है. जानकारी के मुताबिक अंबिकापुर में एलपीजी सप्लाई ना होने के कारण लगभग 300 होटल बंद होन के कगार पर पहुंच गए हैं.

हालांकि इस बीच सीएम साय का घरेलू सिलेंडर को लेकर दिया गया बयान आम जनता को काफी राहत देने वाला है.

ये भी पढे़ं: ‘सभी मामलों में एक साथ हो पूछताछ’, सुप्रीम कोर्ट से पूर्व IAS अनिल टुटेजा की याचिका खारिज

खाड़ी में फंसे लोगों के लिए हेल्प लाइन नंबर जारी किया

मिडिल ईस्ट में युद्ध के कारण छत्तीसगढ़ के कई लोग खाड़ी के देशों में फंस गए हैं. इसको लेकर छत्तीसगढ़ की सरकार भी अलर्ट मोड पर आ गई है. सरकार ने मिडिल ईस्ट के दशों में फंसे छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए हेल्प लाइन नंबर जारी किया है. बाहर फंसे लोग हेल्प लाइन नंबर 8349840582 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा ऑफिस का नंबर( 011-46156000) भी जारी किया है.

ज़रूर पढ़ें