IND vs NZ Final: ‘2023 के फाइनल की हार का दबाव…’, भारत बनाम न्यूजीलैंड फाइनल से पहले शोएब अख्तर की बड़ी भविष्यवाणी
शोएब अख्तर
IND vs NZ Final: पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले टीम इंडिया को लेकर बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि फाइनल में भारतीय टीम पर 150 करोड़ लोगों की उम्मीदों का और 2023 फाइनल में मिली हार का दबाव रहेगा और यही दबाव मैच का रुख बदल सकता है.
शोएब अख्तर ने क्या कहा?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने टैपमैड के शो ‘गेम ऑन है’ पर कहा कि भारतीय टीम पर घरेलू दर्शकों की उम्मीदों का दबाव हो सकता है. क्योंकि भारतीय टीम को इसी मैदान पर 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था.
उन्होंने आगे कहा कि अगर अहमदाबाद की पिच स्पिनर गेंदबाजों की मदद करती है तो 175 से 200 रन का स्कोर काफी अहम साबित हो सकता है. लेकिन अगर न्यूजीलैंड 250 के आसपास तक पहुंच जाता है, तो भारत पर काफी दबाव आ जाएगा.
यह भी पढ़ें: भारत बनाम न्यूजीलैंड फाइनल में रनों की होगी बरसात? अहमदाबाद पिच पर सामने आया बड़ा अपडेट
उमर गुल ने भी दी प्रतिक्रिया
अख्तर के अलावा पाकिस्तान के पाकिस्तान पूर्व तेज गेंदबाज उमर गुल ने भी भारत-पाकिस्तान फाइनल मैच से पहले प्रतिक्रिया दी है. गुल ने कीवी टीम को मजबूत बताया है. उनका कहना है कि न्यूजीलैंड की गेंदबाजी काफी मजबूत और आक्रमक है, जिससे भारतीय टीम घरेलू दबाव में आ सकती है. गुल ने आगे कहा कि न्यूजीलैंड भारत में टेस्ट सीरीज जीत चुका है. ऐसे में वह यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ है.
ग्लेन फिलिप्स ने क्या कहा?
इसके अलावा न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने भी फाइनल मैच से पहले अपनी प्रतिक्रिया दी है. फिलिप्स ने भारत की ताकत को स्वीकार किया है. उन्होंने कहा कि भारत के पास प्रतिभा की कमी नहीं और वहां से कई मजबूत टीमें तैयार की जा सकती हैं.